रुड़की/भगवानपुर। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के करौंदी मंडल में भाजपा कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है, जिसकी असली ताकत उसके समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता का आधार मजबूत संगठन और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करना चाहिए।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अभी से जनसंपर्क अभियान तेज करने, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के बीच विश्वास और विकास की राजनीति को और मजबूत करना है।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में नियमित संपर्क बनाए रखने तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, देवी सिंह राणा, मधुप त्यागी, मंडल अध्यक्ष संदीप रघुवंशी, विराट गोयल, भूपेंद्र सैनी, मुकुल त्यागी, प्रवीण संधू, सतविंदर प्रधान, सुशील पैंगोवाल, राहुल मुल्तानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया गया।