खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान रविवार को बगुलिया स्थित शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का पारंपरिक थारू सांस्कृतिक नृत्य, पुष्पमालाओं एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित पंचमुखी हनुमान की तस्वीर मुख्यमंत्री को भेंट की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याण योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत संचालित ‘दीदी कैफे’ का फीता काटकर शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पारदर्शिता और तकनीक के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई संपर्क जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नकल विरोधी कानून को राज्य सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताते हुए कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने खटीमा को अपना परिवार बताते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को आर्थिक सहायता, कृषि उपकरण, ऋण, स्वास्थ्य योजनाओं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि धामी सरकार जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।