भाजपा ने फिर जताया भरोसा, सौरभ भूषण शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

 रुड़की। भारतीय जनता पार्टी के व्यवसायिक प्रकोष्ठ का पुनः प्रदेश संयोजक नियुक्त किए जाने पर वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं समाजसेवी सौरभ भूषण शर्मा का रुड़की में भव्य स्वागत किया गया। पार्टी पदाधिकारियों, व्यापारी नेताओं और समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।

प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश संयोजक एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता प्रमोद जोहर के आवास पर आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने सौरभ भूषण शर्मा के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए कहा कि उनके अनुभव और सक्रियता से प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं का समाधान और अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद गोयल और सुनील साहनी सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने व्यापारी वर्ग के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सौरभ भूषण शर्मा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शर्मा इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे तथा प्रदेश के छोटे और बड़े व्यापारियों की आवाज को संगठन और सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे।

पुनः प्रदेश संयोजक नियुक्त किए जाने पर सौरभ भूषण शर्मा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।

शर्मा ने कहा कि व्यापारी वर्ग देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनके हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यवसायिक प्रकोष्ठ व्यापारियों और सरकार के बीच मजबूत संवाद स्थापित करने का कार्य करेगा।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री विभोर अग्रवाल, विष्णु शर्मा, व्यापारी नेता संजय गर्ग सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी प्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.