स्मार्ट सिटी की 21 परियोजनाएं पूरी, आखिर क्यों अटकी ग्रीन बिल्डिंग?

देहरादून। देहरादून स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लिमिटेड डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, हस्तांतरण की स्थिति तथा संचालन एवं अनुरक्षण (ऑपरेशन एंड मेंटिनेंस) कार्यों का विस्तृत जायजा लिया।

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत स्वीकृत कुल 22 परियोजनाओं में से 21 परियोजनाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इनमें से 10 परियोजनाओं को संबंधित विभागों के सुपुर्द भी कर दिया गया है, जबकि शेष परियोजनाओं के हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से ग्रीन बिल्डिंग परियोजना की प्रगति पर चर्चा की। वर्तमान में यह एकमात्र परियोजना है, जिसका निर्माण कार्य जारी है। डॉ. चौहान ने संबंधित अधिकारियों को परियोजना के कार्यों में तेजी लाने, समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा करने तथा नियमित रूप से प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने शेष 11 पूर्ण परियोजनाओं के हस्तांतरण में हो रही देरी पर भी चिंता व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें जल्द से जल्द संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए ताकि आम जनता को उनका पूर्ण लाभ मिल सके।

बैठक में संचालन एवं अनुरक्षण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत निर्मित सभी परिसंपत्तियों का रखरखाव बेहतर तरीके से किया जाए और उनकी कार्यक्षमता को लगातार बनाए रखा जाए।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और प्रभावी संचालन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। प्रशासन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें तय समयसीमा में पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.