देहरादून में इंटरनेशनल ड्रग रैकेट का पर्दाफाश, विदेशी नागरिकों समेत 3 तस्कर गिरफ्तार

 देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत राजपुर थाना पुलिस ने कुख्यात ‘कोबरा गैंग’ के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में सूडान के दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जो वर्तमान में देहरादून के आईएसबीटी क्षेत्र के आसपास रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार आरोपितों के कब्जे से 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह दिल्ली से कोकीन की खेप लाकर देहरादून सहित विभिन्न शहरों में सप्लाई करता था। खासतौर पर हाई प्रोफाइल पार्टियों और संपन्न वर्ग के लोगों को निशाना बनाया जाता था।

राजपुर थाना पुलिस ने आरोपितों को जोहड़ी रोड और ओल्ड मसूरी रोड क्षेत्र में उस समय गिरफ्तार किया, जब वे स्कूटी और कार के माध्यम से कोकीन की खेप सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस को लंबे समय से इस नेटवर्क की गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी, जिसके बाद निगरानी बढ़ाकर यह कार्रवाई की गई।

पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्य कौन हैं और इसकी जड़ें किन-किन राज्यों तक फैली हुई हैं। जांच एजेंसियां वित्तीय लेन-देन और विदेशी संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी इसी गैंग से जुड़े 13 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। लगातार हो रही कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि देहरादून में नशा तस्करी का नेटवर्क गहराई तक फैला हुआ है, जिसे पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा।

इस सफल कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.