देहरादून। उत्तरांचल विश्वविद्यालय में फाउंडर्स डे समारोह उत्साह, ऊर्जा और उमंग के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष जितेंद्र जोशी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में शिक्षकों, शोधकर्ताओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भागीदारी कर समारोह को यादगार बना दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और शोधकर्ताओं को लगभग 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर में भव्य स्वागत कार्यक्रम से हुई। संस्थापक अध्यक्ष जितेंद्र जोशी के आगमन पर छात्रों के एक विशेष दल ने उनका स्वागत किया। छात्र गिटार की मधुर धुनों और जन्मदिन गीतों के साथ उन्हें विश्वविद्यालय गेट से उनके कार्यालय तक लेकर पहुंचे। पूरे मार्ग पर छात्र-छात्राएं हाथों में फूल और शुभकामना संदेश लेकर खड़े रहे। इस दौरान विद्यार्थियों में अपने संस्थापक अध्यक्ष के साथ सेल्फी लेने और शुभकामनाएं देने का विशेष उत्साह देखने को मिला।
भवन परिसर में पहुंचने के बाद जितेंद्र जोशी ने विद्यार्थियों के साथ केक काटकर फाउंडर्स डे समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके बाद विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। खचाखच भरे ऑडिटोरियम में संस्थापक अध्यक्ष के पहुंचते ही तालियों की गड़गड़ाहट और जन्मदिन के गीतों से पूरा माहौल गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विभागों की ओर से संस्थापक अध्यक्ष का स्वागत किया और उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डॉ. अनिल दीक्षित द्वारा रचित स्वागत गीत भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि फाउंडर्स डे केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि संस्थान की उपलब्धियों, शैक्षणिक उत्कृष्टता और शोध संस्कृति को प्रोत्साहित करने का भी मंच है। समारोह में शिक्षकों और शोधकर्ताओं को सम्मानित कर शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को विशेष मान्यता दी गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का माहौल बना रहा।