रिमझिम बारिश में गूंजा राष्ट्रभक्ति का जज्बा, ITBP में शामिल हुए 133 नए हिमवीर अधिकारी

 देहरादून/मसूरी। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) अकादमी, मसूरी में रविवार को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के साथ 133 युवा अधिकारी बल की मुख्यधारा में शामिल हो गए। हल्की बारिश के बीच आयोजित इस समारोह में देशभक्ति, अनुशासन और समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला। कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इन अधिकारियों ने राष्ट्र सेवा और सीमाओं की सुरक्षा की शपथ ली।

समारोह में भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर नवनियुक्त अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया। लगभग 18 से 50 सप्ताह तक चले कठिन प्रशिक्षण के बाद 132 सहायक सेनानी और एक महिला उप-सेनानी (विशेषज्ञ चिकित्सक) ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया।

इस बैच की सबसे बड़ी विशेषता इसकी शैक्षणिक विविधता रही। कुल 133 अधिकारियों में 31 एमबीबीएस डॉक्टर, 31 बी-टेक इंजीनियर, दो एम-टेक, एक एमडी, एक मास्टर ऑफ सर्जरी, 13 एमए और 10 एमएससी डिग्रीधारी युवा शामिल हैं। यह बैच देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करता है। सबसे अधिक प्रशिक्षु उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड से रहे।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब नव नियुक्त अधिकारियों के कंधों पर सितारे सजाए गए। अपने बच्चों को वर्दी में देखकर परिजनों की आंखें गर्व और खुशी से नम हो उठीं। अधिकारियों ने कहा कि कठिन प्रशिक्षण ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाया है तथा वे देश की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। पवन कुमार मीना को प्रतिष्ठित गृह मंत्री स्वॉर्ड ऑफ ऑनर और बेस्ट ऑल राउंड ट्रेनी का पुरस्कार मिला। इसके अलावा सचिन, कोंतेय मिश्रा, अभिषेक मौर्य, नारकर अभिषेक संजय और अमन सिंह को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

अब ये युवा अधिकारी देश की उन दुर्गम सीमाओं पर तैनात होंगे, जहां तापमान माइनस 45 डिग्री तक पहुंच जाता है और कई चौकियां 19 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित हैं। उन्हें युद्ध कौशल, शस्त्र संचालन, नेतृत्व, खुफिया तंत्र, मानवाधिकार और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.