केदारनाथ धाम। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और अन्य अधिकारियों के साथ यात्रा प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष ने केदारनाथ धाम में चल रही व्यवस्थाओं की निगरानी की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्ग, दर्शन व्यवस्था, आवास, स्वच्छता और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। इसके साथ ही यात्रा संचालन को और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया।
शुक्रवार देर शाम हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन, मंदिर समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं और दर्शन व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुलभ दर्शन की सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
हेमंत द्विवेदी ने यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने बताया कि 29 मई तक 9 लाख 76 हजार 431 श्रद्धालु श्री केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। वहीं 7 लाख 24 हजार 444 श्रद्धालु श्री बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। इस प्रकार दोनों धामों में अब तक कुल 17 लाख 875 तीर्थयात्री दर्शन का लाभ प्राप्त कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि बीकेटीसी का लक्ष्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी यात्रा को यादगार बनाना है। इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।