हल्द्वानी महिला अस्पताल में बढ़ेगी सुविधा? सांसद अजय भट्ट ने उठाई बड़ी मांग

 रानीखेत। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री Ajay Bhatt ने महिला चिकित्सालय हल्द्वानी में निर्माणाधीन 50 शैयायुक्त मदर एंड चाइल्ड हेल्थ (एमसीएच) विंग में महत्वपूर्ण सुविधाएं जोड़ने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री Subodh Uniyal को पत्र भेजकर स्टिल्ट पार्किंग और कनेक्टिविटी ब्रिज के निर्माण को मंजूरी देने का आग्रह किया है।

सांसद अजय भट्ट ने अपने पत्र में बताया कि 19 मई 2026 को महिला चिकित्सालय हल्द्वानी में निर्माणाधीन एमसीएच विंग की प्रगति को लेकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान अस्पताल की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मौजूदा मानचित्र में कुछ आवश्यक संशोधनों की आवश्यकता महसूस की गई।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण परियोजना के चलते अस्पताल परिसर की करीब 12 से 14 मीटर भूमि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा अधिग्रहित की जा चुकी है, जिससे अस्पताल परिसर में पार्किंग की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसे में मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था जरूरी हो गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्टिल्ट पार्किंग का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

सांसद भट्ट ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि मुख्य अस्पताल भवन और नए एमसीएच विंग के बीच सुचारू आवाजाही और आपातकालीन सेवाओं के बेहतर संचालन के लिए कनेक्टिविटी ब्रिज का निर्माण बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था द्वारा स्टिल्ट पार्किंग और कनेक्टिविटी ब्रिज सहित करीब 1630.380 लाख रुपये का पुनरीक्षित आगणन शासन को भेजा जा चुका है।

उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से अनुरोध किया कि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संशोधित प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति दी जाए। सांसद ने चेतावनी दी कि यदि पुराने नक्शे के अनुसार ही निर्माण कार्य जारी रहा, तो भविष्य में अस्पताल को कई व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.