चीन की कोयला खदान में जहरीली गैस का धमाका, सेकंडों में मचा मौत का तांडव

चीन के उत्तरी शांक्सी प्रांत में स्थित एक कोयला खदान में हुए भीषण गैस विस्फोट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। हादसे में अब तक 8 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 38 मजदूर अभी भी खदान के भीतर फंसे हुए हैं। राहत और बचाव दल लगातार उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार रात चांगझी शहर की ल्यूशेन्यू कोयला खदान में हुआ। विस्फोट के समय खदान के अंदर कुल 247 मजदूर काम कर रहे थे। स्थानीय समयानुसार शाम करीब 7:30 बजे अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस तेजी से पूरे खदान क्षेत्र में फैल गई। गैस का स्तर इतना खतरनाक था कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

अधिकारियों के अनुसार कार्बन मोनोऑक्साइड एक बेहद घातक और बिना गंध वाली गैस होती है, जो कुछ ही मिनटों में लोगों की जान ले सकती है। हादसे के बाद तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और शनिवार सुबह तक 201 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, कई मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है और 38 मजदूर अब भी अंदर फंसे हुए हैं।

राहत दल ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम और गैस कंट्रोल उपकरणों की मदद से खदान के भीतर पहुंचने की कोशिश कर रहा है। प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और मेडिकल टीमों को भी मौके पर तैनात किया गया है।

शी जिनपिंग ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और फंसे मजदूरों को जल्द सुरक्षित बाहर निकालने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्यस्थल सुरक्षा मानकों को और सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया है।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है। शुरुआती जांच में गैस रिसाव और सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। शांक्सी प्रांत चीन का प्रमुख कोयला उत्पादन क्षेत्र है, जहां पहले भी कई बड़े खदान हादसे हो चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.