अमरनाथ गुफा से आई बाबा बर्फानी की पहली झलक, 7 फीट हिमलिंग देख श्रद्धालुओं में उत्साह

अमरनाथ गुफा में बनने वाले पवित्र बाबा बर्फानी हिमलिंग की पहली तस्वीर सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सामने आई तस्वीरों में प्राकृतिक रूप से निर्मित हिमलिंग लगभग 6 से 7 फीट ऊंचाई का नजर आ रहा है। अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले सुरक्षा में तैनात जवानों ने सबसे पहले बाबा बर्फानी के दर्शन किए, जिसके बाद यह तस्वीरें तेजी से चर्चा में आ गईं।

हर वर्ष लाखों श्रद्धालु कठिन पहाड़ी रास्तों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रकृति की अद्भुत सुंदरता और आध्यात्मिक शांति का अनुभव भी मानी जाती है। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन संपन्न होगी। कुल 57 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के लिए अब तक 3.6 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं।

हालांकि यात्रा मार्ग पर अभी भी कई जगहों पर 10 से 12 फीट तक बर्फ जमी हुई है, लेकिन सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) लगातार रास्तों को साफ करने और यात्रा को सुरक्षित बनाने में जुटा हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक बालटाल-सोनमर्ग और नुनवान-पहलगाम दोनों पारंपरिक मार्गों को 15 जून तक पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।

यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू हुई थी। 5 से 30 लोगों के बड़े समूहों के लिए पंजीकरण फिलहाल बंद कर दिए गए हैं, लेकिन अकेले या छोटे समूह में यात्रा करने वाले श्रद्धालु स्लॉट उपलब्ध रहने तक आवेदन कर सकते हैं। यह पंजीकरण Punjab National Bank, Jammu & Kashmir Bank, State Bank of India और Yes Bank की चयनित शाखाओं के माध्यम से किया जा रहा है।

अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बार बाबा बर्फानी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 5 लाख के आंकड़े को पार कर सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.