आंध्र प्रदेश विस्फोट मामलाः मजदूरों के परिजन को मिलेगी 10-10 लाख की सहायता राशि

हैदराबाद : आंध्र प्रदेश सरकार ने कडापा जिले की चूना पत्थर खदान में आठ मई को हुए विस्फोट में जान गंवाने वाले 10 मजदूरों के परिजन को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की रविवार को घोषणा की है।

राज्य के खनन एवं भूविज्ञान मंत्री पीआरसी रेड्डी ने एक बयान में बताया कि घटना की जांच के लिए एक जांच समिति गठित की गई है और कडापा जिले के संयुक्त कलेक्टर (राजस्व) इसके प्रमुख होंगे। कडापा जिला कलेक्टर द्वारा दी गई शुरूआती रिपोर्ट के हवाले से खनन मंत्री ने बताया कि विस्फोटक उतारते समय खनन संचालक ने लापरवाही बरती, जिससे विस्फोट हुआ।

उन्होंने कहा कि श्रम अधिनियम के तहत खनन संचालक से पीड़ित परिवारों को अतिरिक्त मुआवजा दिलाया जाएगा।कडापा जिले के पुलिस अधीक्षक के अंबुराजन ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब मामिलपल्ले गांव के बाहर स्थित चूना पत्थर की खदान में जिलेटिन की छड़ों की एक खेप उतारी जा रही थी।

धमाका इतना तेज था कि खेप लेकर आया वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में 10 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.