Gairsain और Bageshwar के पर्वतीय क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर उत्तराखंड सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आवास विभाग की विभागीय व्यय समिति की बैठक में गैरसैंण और काण्डा में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति Dr. R Rajesh Kumar ने की।
बैठक में आवास विभाग, वित्त विभाग, नियोजन विभाग, संबंधित जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने परियोजनाओं के विस्तृत आगणन पर चर्चा करते हुए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति के लिए आगे की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत गैरसैंण में आधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। Uttarakhand Peyjal Nigam द्वारा लगभग 1504.35 लाख रुपये की लागत से तैयार विस्तृत योजना के अनुसार यहां कुल 91 वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। प्रस्ताव में भू-तल पर 36 कार पार्किंग, सात दुकानें और दो कार लिफ्ट का प्रावधान किया गया है, जबकि टेरेस पर 55 अतिरिक्त कार पार्किंग और एक अन्य कार लिफ्ट प्रस्तावित है।
परियोजना में बीआरसी/सीआरसी फैकल्टी हॉल और तीन क्लास रूम शामिल किए जाने का भी प्रस्ताव था, लेकिन सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि आवास विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी केवल पार्किंग निर्माण तक सीमित है। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप संशोधित प्रस्ताव जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ती वाहनों की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही स्थानीय व्यापार, पर्यटन और यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। अधिकारियों ने कहा कि सरकार पर्वतीय नगरों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है ताकि लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकें।