Dehradun के सेलाकुई क्षेत्र स्थित डिक्सन फैक्ट्री में चल रहे श्रमिक प्रदर्शन के दौरान उपद्रव और पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने और श्रमिकों को भड़काने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार डिक्सन फैक्ट्री में श्रमिक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने श्रमिकों की आड़ लेकर फैक्ट्री परिसर और पुलिस पर पथराव कर दिया। घटना के बाद थाना सेलाकुई में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपद्रवियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस के मुताबिक 17 मई 2026 को सूचना मिली कि कुछ लोग संगठित होकर कंपनियों और मोहल्लों में जाकर श्रमिकों को भड़का रहे हैं। आरोप है कि ये लोग काम पर जाने वाले कर्मचारियों को रोकने के लिए जबरदस्ती और मारपीट पर उतारू थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि इनमें से कुछ लोग पहले हुई पत्थरबाजी की घटना में भी शामिल थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कुछ लोग एकजुट होकर शांति और कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि हालात को देखते हुए दोबारा हिंसा और पत्थरबाजी जैसी घटनाओं की आशंका थी। इसके बाद पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की है।