नई दिल्ली। हज यात्रा 2026 को अधिक सुविधाजनक, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में दिल्ली स्टेट हज कमेटी ने एक नई पहल शुरू की है। अब हज यात्रियों को दिल्ली के रामलीला मैदान स्थित हज कैंप से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 तक बसों के बजाय एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। इस व्यवस्था को यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक माना जा रहा है।
दिल्ली स्टेट हज कमेटी के अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है। साथ ही इससे ईंधन की बचत और सड़क यातायात के दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी। यह कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उस अपील के अनुरूप भी माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने देशवासियों से अनावश्यक खर्चों में कटौती और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग की बात कही थी।
नई दिल्ली एयरलाइन एक्सप्रेस मेट्रो स्टेशन पर हज यात्रियों को रवाना करने के दौरान दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां, कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी, उप कार्यकारी अधिकारी मोहसिन अली सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड, दिल्ली पुलिस, सऊदी एयरलाइंस और हज कमेटी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों ने भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
विशेष बात यह रही कि अधिकारियों ने स्वयं हज यात्रियों के साथ मेट्रो यात्रा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यात्रियों ने भी इस नई सुविधा की सराहना करते हुए कहा कि मेट्रो यात्रा से समय की बचत हुई और सफर पहले की तुलना में अधिक आसान और व्यवस्थित महसूस हुआ।
दिल्ली स्टेट हज कमेटी की यह पहल भविष्य में अन्य धार्मिक यात्राओं और बड़े आयोजनों के लिए भी एक मॉडल के रूप में देखी जा रही है। माना जा रहा है कि इससे सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।