वेब सीरीज के डायलॉग पर फंसे युवराज सिंह के पिता, महिलाओं पर टिप्पणी बनी विवाद की वजह

चंडीगढ़,  हिंदी वेब सीरीज ‘लुक्खे’ में महिलाओं के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर पूर्व क्रिकेटर और अभिनेता Yograj Singh विवादों में घिर गए हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने गुरुवार को उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो क्लिप के बाद की गई है, जिसमें महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल होने का आरोप है।

अमेजन प्राइम वीडियो पर 8 मई को रिलीज हुई वेब सीरीज Lukkhe के एक एपिसोड का करीब 17 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने इसकी आलोचना की और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।

इस मामले में जिला बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एडवोकेट उज्ज्वल भसीन और जतिन वर्मा ने 12 मई को चंडीगढ़ के एसएसपी को शिकायत भेजी थी। शिकायत में कहा गया कि वीडियो में इस्तेमाल की गई भाषा न केवल अशोभनीय है, बल्कि यह महिलाओं के सम्मान और गरिमा पर सीधा हमला है। शिकायतकर्ताओं ने मांग की थी कि इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

शिकायत के आधार पर सेक्टर-36 पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस विवाद के बाद Punjab State Women Commission भी सक्रिय हो गया है। आयोग ने पंजाब पुलिस मुख्यालय को पत्र भेजकर मामले की गंभीरता से जांच कराने और कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने कहा कि वायरल वीडियो में महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल बेहद चिंताजनक है और इस तरह की सामग्री समाज पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है।

गौरतलब है कि योगराज सिंह पूर्व भारतीय क्रिकेटर होने के साथ-साथ कई पंजाबी और हिंदी फिल्मों में अभिनय भी कर चुके हैं। वहीं, इस पूरे विवाद के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.