कहीं 48 डिग्री की झुलसाती गर्मी, कहीं ओले-बारिश का कहर, मौसम ने बढ़ाई मुसीबत

नई दिल्ली। देशभर में मौसम का अजीब और खतरनाक मिजाज देखने को मिल रहा है। एक तरफ राजस्थान भीषण गर्मी की चपेट में है, तो दूसरी ओर कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने तबाही मचा दी है। मौसम के इस दोहरे रूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं बिहार, महाराष्ट्र और केरल में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं में कुल 15 लोगों की मौत हो गई।

राजस्थान के अलावा फलौदी, बीकानेर और चित्तौड़गढ़ जैसे शहरों में भी तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई इलाकों में अगले दो दिनों तक लू का अलर्ट जारी किया है।

दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली। यूपी के संभल में दिन के समय अचानक अंधेरा छा गया और तेज धूल भरी आंधी चली। मेरठ समेत कई जिलों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने यूपी के 38 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के रतलाम में जहां तापमान 46.5 डिग्री तक पहुंच गया, वहीं निवाड़ी जिले के बीजौर में ओलावृष्टि और तेज बारिश हुई। हरियाणा के पिनगवा में भी ओले गिरे, जबकि गुरुग्राम, पंचकूला और करनाल में तेज बारिश दर्ज की गई।

मौसम की मार सबसे ज्यादा बिहार, महाराष्ट्र और केरल में देखने को मिली। बिहार के जमुई और बांका में बिजली गिरने से एक बच्चे सहित पांच लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के सांगली में तेज आंधी के कारण मंदिर की दीवार गिरने से छह लोगों की जान चली गई। वहीं केरल के मलप्पुरम में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई।

इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राहतभरी खबर दी है। विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून इस सप्ताह के अंत तक अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह पहुंच सकता है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.