भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 234 लीटर नेपाली शराब जब्त

सुपौल,   भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 234 लीटर नेपाली शराब जब्त की है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जो नेपाल से साइकिल के जरिए शराब भारत ला रहा था।

यह कार्रवाई 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के अंतर्गत आने वाली सीमा चौकी नरपतपट्टी की टीम ने की। कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद विशेष निगरानी अभियान चलाया गया था।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल को सूचना मिली थी कि नरपतपट्टी क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा के रास्ते शराब की खेप लाई जा सकती है। इसके बाद एसएसबी ने एक विशेष नाका पार्टी का गठन कर स्पर संख्या-2475 के समीप संदिग्ध इलाके में गुप्त रूप से निगरानी शुरू की।

निगरानी के दौरान जवानों ने एक व्यक्ति को नेपाल की ओर से कोसी नदी के रास्ते साइकिल पर बोरी लादकर आते देखा। शक होने पर उसे रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में उसने अपना नाम सुनील कुमार मेहता बताया, जो सुपौल जिले के सदानंदपुर गांव का निवासी है।

तलाशी के दौरान बोरी से कुल 234 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने खुलासा किया कि यह शराब कल्याणपुर निवासी संजय नामक व्यक्ति ने उसे उमेश मेहता, निवासी सदानंदपुर तक पहुंचाने के लिए दी थी।

एसएसबी ने बरामद शराब, साइकिल और गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भपटियाही थाना पुलिस को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

इस अभियान में सहायक उप निरीक्षक भारत भूषण समेत अन्य जवानों की भूमिका सराहनीय रही। सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही तस्करी गतिविधियों को रोकने के लिए एसएसबी द्वारा विशेष सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.