देहरादून। Satpal Maharaj ने Suvendu Adhikari को पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi, गृह मंत्री Amit Shah और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत के चलते पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।
सतपाल महाराज ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनना देश की राजनीति में बड़ा बदलाव है। उन्होंने इसे “कश्मीर से कन्याकुमारी और गंगोत्री से गंगासागर तक फैलते नए भारत” की तस्वीर बताया। महाराज के अनुसार यह जीत भ्रष्टाचार मुक्त, तुष्टिकरण मुक्त और विकास आधारित राजनीति की जीत है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सफलता केवल एक राजनीतिक विजय नहीं, बल्कि देश में वैचारिक बदलाव का प्रतीक भी है। महाराज ने कहा कि आज गंगा मैया के उद्गम स्थल Gangotri से लेकर Gangasagar तक कमल खिल चुका है। यह भाजपा के विस्तार और ‘नए भारत-विकसित भारत’ के संकल्प की सिद्धि का परिणाम है।
उन्होंने भाजपा की इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और पार्टी संगठन की रणनीति को दिया। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत की भी सराहना की। महाराज ने कहा कि बंगाल में जनता ने बदलाव और विकास के पक्ष में मतदान किया है।
सतपाल महाराज ने उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के सांस्कृतिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गंगा का उद्गम उत्तराखंड के गोमुख ग्लेशियर और गंगोत्री से होता है, जबकि उसका अंतिम मिलन पश्चिम बंगाल के गंगासागर में होता है। यही संबंध दोनों राज्यों को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से जोड़ता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार पश्चिम बंगाल में विकास, सुशासन और जनता के हितों को प्राथमिकता देगी।