केदारनाथ के टैंट में मिले दो एयर गन और चापड़, यात्रा धाम में मची हलचल

Kedarnath Temple धाम में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक टैंट की सफाई के दौरान दो एयर गन और एक चापड़ बरामद हुआ। घटना के बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम केदारनाथ में एक टैंट की सफाई की जा रही थी। इसी दौरान वहां रखे दो बैग संदिग्ध दिखाई दिए। जब बैगों की जांच की गई तो उनमें दो एयर राइफल और एक चापड़ सुरक्षित रखा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हथियारों को जब्त कर सोनप्रयाग थाने में जमा कराया गया।

केदारनाथ चौकी इंचार्ज कुलदीप पंत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये सामान रायबरेली निवासी प्रदीप नामक व्यक्ति का है, जो सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त जवान बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार प्रदीप मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और अकेले ही केदारनाथ यात्रा पर पहुंच गए थे।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि एयर गन का इस्तेमाल खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले पक्षियों को भगाने या मारने के लिए किया जाता था, जबकि चापड़ नारियल काटने के काम में इस्तेमाल होने वाला औजार है। हालांकि धार्मिक स्थल पर इस तरह के हथियार मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

पुलिस ने प्रदीप की पत्नी से भी फोन पर संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान वे हरिद्वार से वापस लौट आई थीं, लेकिन उनके पति अकेले ही केदारनाथ के लिए निकल गए थे। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और प्रदीप के परिजनों को केदारनाथ बुलाया गया है।

चारधाम यात्रा के बीच इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार धाम तक कैसे पहुंचे और इनके पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.