Almora जिले में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भिकियासैंण तहसील क्षेत्र के रापड़–गंगोड़ा–चमड़खान मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, कार संख्या UK04 T 6683 सुबह करीब साढ़े चार बजे दुर्घटनाग्रस्त हुई। वाहन में तीन लोग सवार थे, जो रात में आयोजित एक जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग ग्राम चमोली पुसैला में जागर संपन्न कराने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नौघरिया (सिनौड़ा) क्षेत्र के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दुर्गम इलाके और अंधेरे के बीच SDRF जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
SDRF प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है। वहीं भतरौंजखान थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे में मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत और कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत, उम्र 32 वर्ष, के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है और पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
बताया जा रहा है कि तीनों मृतक पेशे से ‘जगरी’ थे और धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।