देहरादून /लखनऊ। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने लखनऊ में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन के शुभारम्भ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
सम्मेलन के दौरान आयोजित विषयगत सत्रों में किसान क्रेडिट कार्ड, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड, बागवानी की संभावनाएं, दलहन आत्मनिर्भरता मिशन, राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन तथा डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के अंतर्गत किसान रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा और चर्चा की गई। इन सत्रों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड सहित छह राज्यों तथा दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख जैसे केंद्र शासित प्रदेशों के कृषि एवं बागवानी मंत्रीगण शामिल हुए। साथ ही प्रगतिशील किसानों, केवीके, स्टार्टअप, एफपीओ, वैज्ञानिकों, नाबार्ड, बैंकों और प्रसंस्करण इकाइयों की सक्रिय भागीदारी रही।