महिला आरक्षण पर घमासान: भाजपा महिला मोर्चा ने विपक्ष पर बोला बड़ा हमला

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक देश की आधी आबादी यानी महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण से जुड़ा एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्ष का रवैया बेहद निराशाजनक और गैर-जिम्मेदाराना रहा है।

रुचि भट्ट ने आरोप लगाया कि जब महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का सुनहरा अवसर सामने था, तब विपक्षी दलों ने अपने संकीर्ण राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देते हुए इस महत्वपूर्ण पहल में बाधा डालने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधेयक का विरोध नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी है।

उन्होंने आगे कहा कि आज देश की महिलाएं पूरी तरह जागरूक हैं और समझ चुकी हैं कि कौन उनके अधिकारों के लिए ईमानदारी से काम कर रहा है और कौन केवल राजनीति कर रहा है।

भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई ठोस और प्रभावी कदम उठाए हैं। इसके बावजूद विपक्ष लगातार इन प्रयासों में बाधा डालता रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा महिला मोर्चा अब इस मुद्दे पर जनजागरूकता अभियान चलाकर विपक्ष की “साजिश” को बेनकाब करेगा और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति और अधिक जागरूक बनाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.