देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार उत्तराखंड को ऑल-सीजन पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने यह बात देहरादून के इन्द्रानगर स्थित होटल रॉयल इन पैलेस में आयोजित प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम **‘मन की बात’** के 132वें एपिसोड को सुनने के बाद कही। इस अवसर पर उनके साथ जनप्रतिनिधि और कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों के साथ ‘मन की बात’ में उठाए गए मुद्दों और उसमें साझा की गई प्रेरणादायी कहानियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया एक अनूठा जनसंवाद मंच है, जिसने समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मन की बात’ विश्व के उन चुनिंदा कार्यक्रमों में शामिल है, जो किसी राष्ट्राध्यक्ष द्वारा सबसे लंबे समय तक लगातार चलाया गया है। इस मंच के माध्यम से देशभर के उन लोगों को पहचान मिलती है, जो सीमित संसाधनों में भी समाज के लिए असाधारण कार्य कर रहे हैं।
सीएम धामी ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री अपने कार्यक्रमों में उत्तराखंड का अक्सर उल्लेख करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की शीतकालीन यात्रा, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को ‘मन की बात’ के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर बार-बार पहचान मिल रही है, जिसका सकारात्मक असर राज्य के पर्यटन क्षेत्र पर दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री स्वयं भी राज्य के कई महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन स्थलों का दौरा कर चुके हैं, जिनमें आदि कैलाश और उत्तरकाशी जिले का हर्षिल-मुखवा क्षेत्र शामिल है। इन दौरों और उनके सार्वजनिक उल्लेख से उत्तराखंड की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन ढांचे को सुदृढ़ करने, सर्दियों में भी पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।