देहरादून में बनेगा मल्टीस्पेशलिटी चैरिटेबल अस्पताल, पहाड़ के मरीजों को मिलेगा बड़ा सहारा

देहरादून।  राजधानी के राजपुर रोड स्थित जीआरडी इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरदार राजा सिंह मेमोरियल चैरिटेबल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की आधारशिला रखी। यह अस्पताल संस्थान के संस्थापक चेयरमैन स्वर्गीय सरदार राजा सिंह की स्मृति में स्थापित किया जा रहा है।

संस्थान द्वारा विकसित किए जा रहे इस अस्पताल का उद्देश्य विशेष रूप से उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। अस्पताल में बहुविशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे गरीब, वंचित और मध्यमवर्गीय परिवारों को किफायती उपचार मिल सकेगा।

आधारशिला समारोह के मुख्य अतिथि विश्वास डाबर ने कहा कि निजी क्षेत्र द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ऐसे प्रयास सराहनीय हैं और इससे राज्य में विश्व स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य ढांचे के अभाव में पहाड़ों से प्रतिभाओं का पलायन होता है, जिसे रोकने में ऐसे संस्थानों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि अस्पताल को अत्याधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि मरीजों को बड़े शहरों की तरह गुणवत्तापूर्ण इलाज स्थानीय स्तर पर ही मिल सके। इसके अलावा मेडिकल और पैरामेडिकल छात्रों को भी प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव के अवसर प्राप्त होंगे।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद यह अस्पताल देहरादून ही नहीं, बल्कि आसपास के पर्वतीय जिलों के लिए भी एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में कार्य करेगा और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.