After Header-1

समाज के प्रेरणादायक चेहरों को मिला बड़ा मंच—रेड एफएम अवार्ड्स में राज्यपाल की मौजूदगी बनी खास

देहरादून। लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने नंदा की चौकी स्थित समारोह में आयोजित एक पहाड़ी ऐसा भी अवार्ड्स कार्यक्रम में प्रतिभाग कर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम 93.5 रेड एफएम द्वारा आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनसुने नायकों को पहचान और सम्मान देना था।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने समाज, संस्कृति, पर्यावरण, शिक्षा और उद्यमिता जैसे विविध क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य में अनेक ऐसे लोग हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य कर रहे हैं और उनकी कहानियां पूरे समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

सम्मानित होने वालों में बागेश्वर की मोहिनी कोरंगा, टिहरी के विजय जरदारी, पिथौरागढ़ के मनीष कसनियाल, उत्तरकाशी के कृष्ण कुडियाल, ऊधमसिंह नगर के जगदीश पंत, चमोली के मुकेश सती, चंपावत की रीता गहतोड़ी, देहरादून के नरेश सिंह नयाल, नैनीताल के जीवन चन्द्र जोशी, हरिद्वार के प्रदीप नेगी तथा अल्मोड़ा के कैलाशानंद शामिल रहे।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे मंच केवल पुरस्कार देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। इन प्रेरणादायक व्यक्तित्वों की उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से पहचान मिलने से युवाओं को भी समाज सेवा और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने रेड एफएम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया की यह जिम्मेदारी भी है कि वह समाज के सकारात्मक पक्ष को सामने लाए और उन लोगों को पहचान दिलाए, जो चुपचाप समाज के विकास में योगदान दे रहे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.