देहरादून में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 90 संदिग्ध थाने लाए गए

देहरादून।  शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए देहरादून पुलिस द्वारा बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया गया। थाना कैंट क्षेत्र के अंतर्गत आजाद कॉलोनी, गोविंदगढ़, यमुना कॉलोनी, ईदगाह और बिंदाल क्षेत्र में 16 और 17 मार्च को यह अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कुल 780 लोगों का सत्यापन किया। जांच के दौरान ऐसे 90 संदिग्ध व्यक्ति पाए गए, जो मौके पर अपनी पहचान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इन सभी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जहां उनके दस्तावेजों और पृष्ठभूमि की विस्तृत जांच की गई।

पुलिस ने बताया कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कर संभावित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता है।

इस अभियान के दौरान किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 43 मकान मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत इन पर कुल 4 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 अन्य व्यक्तियों का धारा 81 के तहत चालान कर 3750 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.