After Header-1

चुनाव घोषणा के घंटों बाद एक्शन में आयोग, बंगाल के मुख्य सचिव और गृह सचिव हटाए गए

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को उनके पद से हटा दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक दोनों अधिकारी किसी भी प्रकार के चुनाव संबंधी कार्य में शामिल नहीं होंगे।

निर्वाचन आयोग ने इस फैसले के साथ ही नए अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी है। 1993 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी दुश्मंत नारियाला को राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया गया है, जबकि 1997 बैच की आईएएस अधिकारी संघमित्रा घोष को गृह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोग ने दोनों अधिकारियों को सोमवार दोपहर तीन बजे तक अपना कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि रविवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया गया था। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। आचार संहिता लागू होने के बाद निर्वाचन आयोग को प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले और नियुक्ति का विशेष अधिकार मिल जाता है, जिसके तहत यह फैसला लिया गया।

हालांकि चुनाव के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में बदलाव पहले भी होते रहे हैं, लेकिन मुख्य सचिव स्तर पर इस तरह का कदम अपेक्षाकृत दुर्लभ माना जाता है। इससे पहले वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी आयोग ने पश्चिम बंगाल के तत्कालीन गृह सचिव अत्रि भट्टाचार्य को उनके पद से हटा दिया था। उस समय आरोप लगाया गया था कि उनके कुछ कदम आयोग के निर्देशों के अनुरूप नहीं थे। इसी चुनाव के दौरान सीआईडी के अतिरिक्त महानिदेशक राजीव कुमार को भी उनके पद से हटाया गया था।

नए मुख्य सचिव दुश्मंत नारियाला इससे पहले उत्तर बंगाल विकास विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने आपदा प्रबंधन, नागरिक सुरक्षा और सिंचाई विभाग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी संभाली है।

वहीं नई गृह सचिव संघमित्रा घोष इससे पहले महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रधान सचिव के रूप में कार्य कर चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने महिला और बाल कल्याण से जुड़ी कई योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभाली।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए इस बार दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.