2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा, बंशीधर भगत बोले— भाजपा की हैट्रिक तय

रानीखेत। भाजपा के वरिष्ठ नेता और कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत के रानीखेत पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान रामनगर के विधायक दीवान सिंह बिष्ट भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और संगठन को मजबूत बनाने के लिए उनसे संवाद किया।

नगर के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में बंशीधर भगत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं। उन्हीं के समर्पण और मेहनत के दम पर राजनीतिक दल चुनाव में सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास गांव से लेकर शहर तक समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं का मजबूत संगठन है, जो पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इसी मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।

बंशीधर भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा भी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और वे राज्य को एक विकसित और आदर्श प्रदेश बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनता भी सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग कर रही है।

इस अवसर पर दीप भगत, मोहन नेगी, गिरीश भगत, चंदन भगत, उमेश पंत, प्रदेश मंत्री विमला रावत, जगदीश अग्रवाल और खजान पांडे सहित कई पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.