देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सम्मान, गौरव और सशक्तिकरण को समर्पित ‘साड़ी गौरव मैराथन’ का आयोजन किया गया। यह विशेष कार्यक्रम जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, देहरादून द्वारा महिला कल्याण विभाग उत्तराखण्ड के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस अनोखी मैराथन में महिलाओं ने पारंपरिक भारतीय परिधान साड़ी पहनकर भाग लिया और उत्साह के साथ दौड़ लगाकर समाज में महिला शक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया।
मैराथन की शुरुआत नारी निकेतन चौराहा, दून विश्वविद्यालय रोड से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने दून विश्वविद्यालय मार्ग पर 2 किलोमीटर और 3 किलोमीटर की दूरी तय की। विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने इस मैराथन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पारंपरिक वेशभूषा में दौड़ते हुए आत्मविश्वास, ऊर्जा और साहस का परिचय दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि गीता खन्ना, अध्यक्ष राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज की महिलाएं अपनी परंपराओं और संस्कृति को संजोते हुए हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस कार्यक्रम का आयोजन मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को लेकर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर निदेशालय महिला कल्याण से उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी राजीव नयन, विधि अधिकारी समीक्षा शर्मा, कार्यक्रम प्रबंधक प्रीति उपाध्याय, राजकीय नारी निकेतन की अधीक्षिका सोनल राणा, मधु और पूजा सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में महिलाओं ने इस अनोखी मैराथन में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया और महिला शक्ति का संदेश समाज तक पहुंचाया।
