महिला दिवस पर देहरादून नगर निगम में सफाई कर्मियों का सम्मान, महापौर ने कही बड़ी बात

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर निगम देहरादून में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर निगम की महिला सैनिटरी इंस्पेक्टरों और महिला सफाई कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और शहर को स्वच्छ रखने में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर सौरभ थपलियाल ने महिला कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में महिला सफाई कर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके प्रयासों से ही देहरादून स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

महापौर ने सभी महिला कर्मचारियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में बढ़ रही है और नगर निगम में कार्यरत महिला कर्मी भी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभा रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि महिला सफाई कर्मियों का काम केवल शहर की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे में उनका सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी भी है।

इस अवसर पर पार्षद मीनाक्षी मौर्या, पार्षद रजनी देवी, नगर आयुक्त नमामी बंसल, आईएएस प्रवीन कुमार, तनवीर मरवा और राजबीर चौहान सहित नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने महिला कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.