After Header-1

चेकिंग में पकड़ा गया तस्कर, 1.50 लाख की कीड़ा जड़ी बरामद

गोपेश्वर, 7 अक्टूबर। चमोली जिले में अवैध वन संपदा के दोहन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी टीम ने एक व्यक्ति को कीड़ा जड़ी (यारसागंबू) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 140 नग कीड़ा जड़ी बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर जिले में वन संपदा की अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला के नेतृत्व में टीम चिड़िंगा-देवाल रोड पर वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी।

इसी दौरान टीम को सड़क पर एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 140 नग कीड़ा जड़ी बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर बरामद वन संपदा को कब्जे में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान पिथौरागढ़ जिले के खुंपी निवासी कुंवर सिंह के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, बरामद कीड़ा जड़ी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है। कीड़ा जड़ी को यारसागंबू के नाम से भी जाना जाता है और इसकी तस्करी को रोकने के लिए वन विभाग और पुलिस की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना थराली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के पास कीड़ा जड़ी कहां से आई और इसे आगे कहां ले जाया जाना था।

कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला के साथ कांस्टेबल सलमान खान और रजत शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने अवैध वन संपदा की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.