देहरादून। जनपद देहरादून के विलासपुर काडली क्षेत्र में मंगलवार को मुख्य मार्ग से विलासपुर एन्क्लेव तक इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनने वाली सड़क का शिलान्यास कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग की ओर से राज्य योजना के तहत इस सड़क का निर्माण 210.61 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारभूत जरूरत हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण और सुधार के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
जोशी ने कहा कि मुख्य मार्ग से विलासपुर एन्क्लेव तक इंटरलॉकिंग टाइल्स से सड़क निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी। इससे क्षेत्र की आंतरिक कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं में भी सुधार होगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप काम पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचे। क्षेत्र की जरूरत के अनुसार अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विलासपुर काडली गांव में मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत 11 जीआरआरसी स्कूल में विद्यालय भवन निर्माण समेत अन्य योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र में जल्द ही एक सामुदायिक भवन के निर्माण की बात भी कही।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, राज्यमंत्री कर्नल आरएस भंडारी (सेनि.), ग्राम प्रधान विनोद अवस्थी, बीडीसी सदस्य दीपिका कंडारी, कैप्टन चंदन सिंह बिष्ट, मंजू देउपा, नैन सिंह पंवार, विक्रम कंडारी, गिरीश उनियाल, लोक निर्माण विभाग की एई चंद्रकला समेत विभागीय अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
स्थानीय स्तर पर सड़क निर्माण के साथ प्रस्तावित विद्यालय भवन और सामुदायिक भवन को क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के रूप में देखा जा रहा है।

