शांतिकुंज पहुंचे शिव प्रकाश, शैलदीदी से मुलाकात में किन मुद्दों पर हुआ मंथन?

सुबह सूचना। हरिद्वार। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के राष्ट्रीय सह महामंत्री शिव प्रकाश ने गुरुवार को देवसंस्कृति विश्वविद्यालय और गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचकर विभिन्न आध्यात्मिक, शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने यज्ञ में सहभागिता करते हुए ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना के साथ आहुतियां अर्पित कीं। साथ ही प्रज्ञेश्वर महादेव का अभिषेक कर राष्ट्र की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की।

देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने शिव प्रकाश का आत्मीय स्वागत किया। शिव प्रकाश ने विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक और रचनात्मक प्रकल्पों का निरीक्षण किया तथा उनके उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने इन प्रकल्पों के माध्यम से समाज और युवाओं के बीच सकारात्मक चेतना विकसित करने के प्रयासों को भी जाना।

इसके बाद शिव प्रकाश गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचे, जहां उन्होंने अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रमुख श्रद्धेया शैलदीदी से भेंट की। उन्होंने शैलदीदी का आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। दोनों के बीच युवा जागरण, सामाजिक चेतना, भारतीय संस्कृति और राष्ट्र निर्माण सहित विभिन्न विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

श्रद्धेया शैलदीदी ने शिव प्रकाश का मंगल तिलक कर स्वागत किया और उन्हें गायत्री महामंत्र लिखित चादर एवं साहित्य भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद शिव प्रकाश ने शांतिकुंज परिसर का भ्रमण किया और यहां संचालित आध्यात्मिक साधना, सेवा तथा भारतीय संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों को निकट से समझा।

कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक जागरण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। शिव प्रकाश ने शांतिकुंज की सेवा एवं साधना परंपरा का अवलोकन किया।

इस अवसर पर देसंविवि के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या, महिला मंडल की प्रमुख श्रीमती शैफाली पण्ड्या, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.