पूर्व बस चालक के घर से 50 करोड़ का खजाना बरामद!

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पूर्व बस चालक के घर से करीब 50 करोड़ रुपये की नकदी और सोना बरामद किया है। इस कार्रवाई ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है। बरामद संपत्ति में 28.5 करोड़ रुपये नकद और लगभग 15 किलोग्राम सोना शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और सोना मिलने के बाद पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुट गई है।

पुलिस ने इस मामले में मिनार मंडल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वह पहले राज्य परिवहन विभाग में बस चालक के रूप में कार्यरत था, लेकिन बाद में पत्थर कारोबार से जुड़ गया। जांच एजेंसियों के अनुसार मिनार मंडल फरार कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का करीबी रिश्तेदार और उसका प्रबंधक भी है। पुलिस को आशंका है कि बरामद धन अवैध कारोबार से जुड़ा हो सकता है।

बीरभूम पुलिस को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर बुधवार रात मिनार मंडल के ठिकाने पर छापेमारी की गई। शुरुआती तलाशी के दौरान करीब 20 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए, लेकिन पूरी रात चली गिनती के बाद यह रकम बढ़कर 28.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। नोटों की संख्या इतनी अधिक थी कि उन्हें गिनने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक नकदी गिनने के दौरान पांच करेंसी काउंटिंग मशीनें लगातार चलने के कारण खराब हो गईं।

बरामद नकदी और सोने को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोहे के बक्सों में भरकर मोहम्मद बाजार थाने लाया गया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए नकदी को बैंक में जमा कराने की तैयारी की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई, इसका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जा रहा था और इस पूरे मामले में किन-किन लोगों की भूमिका रही है। जांच एजेंसियां अवैध वित्तीय लेन-देन, पत्थर कारोबार और संभावित मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.