मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों और जनहित की परियोजनाओं के लिए लगभग 99 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से स्वास्थ्य, सड़क, धार्मिक पर्यटन, विद्युत, पुलिस, अग्निशमन और ग्रामीण आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने रामनगर (नैनीताल) में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के ऑटोमेशन कार्य के लिए 3.68 करोड़ रुपये, पुलिस संचार प्रशिक्षण केंद्र धौरणखास (देहरादून) में 150 केएलडी क्षमता वाले एसटीपी प्लांट और साइट विकास के लिए 2.73 करोड़ रुपये तथा बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में नए फायर स्टेशन की स्थापना के लिए 9.45 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग कोषागार भवन के अनुरक्षण और विद्युतीकरण कार्य के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।
चम्पावत जिले में ककराली-टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट लगाने, जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली में ओपन जिम बनाने और पूर्णागिरि धाम के सेलागाड़ गांव में इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने जैसी परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली है। वहीं लोहाघाट क्षेत्र के डुंगरीफर्त्याल स्थित शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए भी वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
पिथौरागढ़ के डीडीहाट और धारचूला क्षेत्रों में संपर्क मार्ग एवं पैदल मार्ग निर्माण, पौड़ी के यमकेश्वर में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक मार्ग को ‘बीटल्स स्ट्रीट’ के रूप में विकसित करने तथा नैनीताल के भीमताल क्षेत्र में दो धर्मशालाओं के निर्माण के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है।
सबसे बड़ी स्वीकृति राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण को गोल्डन कार्ड योजना के सुचारु संचालन और लंबित भुगतान के लिए 75 करोड़ रुपये की दी गई है। इसके अलावा ग्रामीण निर्माण विभाग के तहत चमोली और पौड़ी जिलों में पैदल पुल, मोटर मार्गों के सुधार और स्टील ट्रस पुल निर्माण जैसी परियोजनाओं के लिए भी पहली किश्त जारी करने को मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री के इस फैसले से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।