रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। सोमवार तड़के रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के इलाकों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से बड़ा हमला किया। इस हमले में कम से कम आठ लोग घायल हो गए, जबकि कई इमारतों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। लगातार धमाकों से राजधानी दहल उठी और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी।
कीव प्रशासन के मुताबिक, रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों की कई लहरों में हमला किया। शहर में 10 से अधिक विस्फोट दर्ज किए गए। हमले के बाद वायु रक्षा प्रणाली तुरंत सक्रिय कर दी गई और नागरिकों को घरों के अंदर रहने या नजदीकी बंकरों में जाने की सलाह दी गई। राहत और बचाव दल आग बुझाने तथा प्रभावित क्षेत्रों में सहायता कार्य में जुट गए।
यह हमला ऐसे समय हुआ जब कुछ घंटे पहले ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच करीब 90 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई थी। दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने और संभावित शांति प्रयासों पर चर्चा की थी। बातचीत के दौरान ट्रंप ने युद्ध खत्म करने की इच्छा जताई थी, जबकि पुतिन ने राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान पर जोर दिया था। हालांकि बातचीत के तुरंत बाद हुए मिसाइल हमले ने शांति की संभावनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी ट्रंप से हुई बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि युद्ध समाप्त करने की संभावना अभी भी बनी हुई है और इसमें अमेरिका की भूमिका अहम हो सकती है। हालांकि जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस लगातार हमलों को तेज कर युद्ध को लंबा खींचने की कोशिश कर रहा है।
हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच ड्रोन और लंबी दूरी के हमलों में भी तेजी आई है। यूक्रेन जहां रूस के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बना रहा है, वहीं रूस यूक्रेन के शहरों और सैन्य ठिकानों पर लगातार मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है। तुर्की में प्रस्तावित नाटो शिखर सम्मेलन से पहले बढ़ा यह तनाव वैश्विक चिंता का विषय बन गया है।