कार्यभार संभालते ही एक्शन में मंत्री खजान दास—जनकल्याण योजनाओं की पूरी समीक्षा का आदेश

Dehradun।  कैबिनेट मंत्री Khajan Das ने कार्यभार संभालने के बाद समाज कल्याण विभाग की पहली विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित कर विभागीय योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सभी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावशीलता और उनके वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि समाज कल्याण विभाग सीधे तौर पर आमजन, विशेषकर कमजोर और वंचित वर्गों से जुड़ा हुआ है, इसलिए विभाग की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लाभार्थियों की संख्या तथा क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों की जानकारी प्रस्तुत की। इस पर मंत्री खजान दास ने निर्देश दिया कि योजनाओं की जमीनी स्थिति का गहन विश्लेषण किया जाए और जहां भी आवश्यक हो, सुधारात्मक कदम तत्काल उठाए जाएं।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के प्रभाव का नियमित मूल्यांकन किया जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सरकारी संसाधनों का सही उपयोग हो रहा है और योजनाएं वास्तव में जरूरतमंदों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने विभाग को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की सलाह दी।

मंत्री ने यह भी कहा कि विभागीय कार्यों में संवेदनशीलता और तत्परता आवश्यक है, क्योंकि समाज कल्याण से जुड़ी योजनाएं सीधे तौर पर गरीब, वृद्ध, दिव्यांग और अन्य जरूरतमंद वर्गों के जीवन को प्रभावित करती हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें और सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करें।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.