देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में पांच नए मंत्रियों को शामिल किया गया। लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने नवनियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के साथ ही राज्य मंत्रिमंडल की कुल संख्या 12 हो गई है और अब कैबिनेट में कोई पद रिक्त नहीं बचा है।




शपथ लेने वालों में विधायक खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा शामिल रहे। समारोह में मुख्यमंत्री धामी स्वयं उपस्थित रहे और उन्होंने नवमंत्रियों को शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, गणेश जोशी और सौरभ बहुगुणा सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन द्वारा किया गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विस्तार आगामी चुनावों से पहले संगठन और सरकार को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।