देहरादून। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। Mahendra Bhatt ने कहा कि विपक्ष वैश्विक संकट के मुद्दे पर राजनीति कर रहा है, जबकि केंद्र और राज्य सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि देश में पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि खाड़ी क्षेत्र में चल रहे संघर्ष के कारण दुनिया के कई देशों में ऊर्जा संकट की स्थिति बनी हुई है। यूरोप, अमेरिका और कई अन्य देशों में पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति प्रभावित होने के साथ उनकी कीमतों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि इसके विपरीत भारत में स्थिति नियंत्रण में है। इसका श्रेय केंद्र सरकार की रणनीतिक तैयारियों को जाता है। सरकार ने पहले ही संभावित संकट को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए हैं, जिसके कारण देश में कहीं भी पेट्रोलियम उत्पादों की कमी की स्थिति नहीं बनी है।
महेंद्र भट्ट ने बताया कि वर्तमान में देश के पास लगभग दो से तीन महीने का रिजर्व स्टॉक मौजूद है। इसके अलावा पहले जहां लगभग 20 माध्यमों से कच्चे तेल की खरीद की जाती थी, वहीं अब 40 से अधिक स्रोतों से तेल आयात किया जा रहा है। इससे आपूर्ति व्यवस्था और मजबूत हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि रसोई गैस को लेकर भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। गैस बुकिंग की न्यूनतम अवधि को 15 से 25 दिन किए जाने का उद्देश्य केवल जमाखोरी और अनावश्यक स्टॉकिंग को रोकना है। इसके बावजूद गैस वितरण का औसत समय अभी भी लगभग ढाई दिन ही है।
भट्ट ने कहा कि Narendra Modi के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी वैश्विक संकट का असर आम नागरिकों पर नहीं पड़ने दिया जाएगा। इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।