गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दौरान डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन, जनपद चमोली के पदाधिकारियों ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री Dhan Singh Rawat से मुलाकात कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पदाधिकारियों ने मंत्री का स्वागत करते हुए विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उनके सामने रखे।
एसोसिएशन की ओर से दिए गए मांग पत्र में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अधीन वीआईपी ड्यूटी मार्गों के लिए आस्थगित रखे गए 63 पदों को पुनः क्रियाशील करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा संवर्ग के 391 पदों को पुनर्जीवित करने, दो वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर नॉन-फंक्शनल वेतनमान देने और दस वर्ष की सेवा पूरी होने पर प्रथम एसीपी (Assured Career Progression) का लाभ प्रदान करने की भी मांग की गई।
पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि विभाग द्वारा फार्मेसी अधिकारियों की विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया में लगातार देरी हो रही है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए 63 पदों को जल्द से जल्द क्रियाशील किया जाए। साथ ही उन्होंने डीपीसी प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर शिष्टमंडल में चंद्र मोहन राणा, कुलदीप गुसाईं, प्रकाश चंद ममगाई, नवीन चंद आर्या, अशोक कुमार पंवार, राजेंद्र रोहियाल, अरविंद कुमार और जोत सिंह बिष्ट सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।