किच्छा में किशोरियों के सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान की शुरुआत, डॉक्टरों ने बताया कितना सुरक्षित है टीका
किच्छा। महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे Cervical Cancer की रोकथाम के उद्देश्य से किच्छा में किशोरियों के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान 14 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है, ताकि भविष्य में इस गंभीर बीमारी से बचाव किया जा सके।
नगर स्थित Sardar Vallabhbhai Patel Community Health Centre में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल सिंह गौर और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के प्रतिनिधि अभिषेक सक्सेना ने संयुक्त रूप से इस टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष विवेक सक्सेना भी उपस्थित रहे।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल सिंह गौर ने बताया कि Ministry of Health and Family Welfare की एडवाइजरी के अनुसार देशभर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से किशोरियों का टीकाकरण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करना और समय रहते इसकी रोकथाम करना है।
अभियान के शुभारंभ के दौरान अभिषेक सक्सेना ने कहा कि देश में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए इस बीमारी की रोकथाम के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और बालिकाओं को टीका लगवाने की अपील की।
डॉ. राहुल सिंह गौर ने यह भी कहा कि टीकाकरण को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, जो पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और भारत सरकार द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह पहल शुरू की गई है।
इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल सिंह गौर, महिला चिकित्सक डॉ. कनक बनोधा, सर्जन डॉ. तनवीर अहमद, डॉ. भव्या जायसवाल, डॉ. इमरान, डॉ. महेंद्र सिंह, डॉ. आर.पी. सिंह, आशा कोऑर्डिनेटर रेनू वाला, तृप्ति बोरा, भूपाल शाह, आशा फैसिलिटेटर शमीम बानो और वैक्सीनेटर सीमा कोटल्या सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।