पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अली ईरानी ने छात्रों को सिखाईं एडवांस्ड फिजियोथेरेपी तकनीकें

देहरादून।  Shri Guru Ram Rai University के  स्कूल ऑफ पैरामेडिकल एंड एलाइड हेल्थ साइंसेज  के फिजियोथेरेपी विभाग द्वारा एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों और विशेषज्ञों ने भाग लेकर फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में नई तकनीकों और करियर संभावनाओं पर चर्चा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर फिजियोथेरेपी विभाग, Shri Mahant Indiresh Hospital और स्कूल ऑफ पैरामेडिकल एंड एलाइड हेल्थ साइंसेज की समस्त फैकल्टी उपस्थित रही।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता के रूप में विश्व प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट Ali Irani ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने अपने व्याख्यान में फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उपयोग होने वाली आधुनिक और एडवांस्ड तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. ईरानी ने बताया कि नई तकनीकों और सही उपचार पद्धति के माध्यम से मरीजों को कम समय में दर्द से राहत दी जा सकती है।

उन्होंने छात्रों को अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि खेल चिकित्सा और फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में आज कई नई संभावनाएं खुल रही हैं। इसके लिए छात्रों को लगातार नई तकनीकों को सीखने और अपने कौशल को विकसित करने की आवश्यकता है।

इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बैचलर और मास्टर स्तर के विद्यार्थियों, विशेषकर इंटर्न्स को फिजियोथेरेपी की विभिन्न शाखाओं के बारे में मार्गदर्शन देना था। साथ ही उन्हें इस क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं के प्रति जागरूक करना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक प्रो. (डॉ.) कीर्ति सिंह, आयोजक प्रो. (डॉ.) नीरज कुमार और डॉ. शारदा शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सोनिया गंभीर और डॉ. मालविका कांडपाल भी उपस्थित रहीं।

कार्यशाला के दौरान छात्रों ने विशेषज्ञों से सवाल-जवाब कर अपने करियर से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त कीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.