गैरसैंण उत्तराखंड में जनसुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 44.64 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस धनराशि का उपयोग राज्य के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों, आपदा न्यूनीकरण, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की अवस्थापना सुविधाओं के विकास और सामुदायिक भवनों के निर्माण में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस राशि से पार्किंग निर्माण, सामुदायिक भवनों के विकास और विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने जैसे कार्य भी किए जाएंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने National Disaster Management Authority द्वारा आयोजित नेशनल लैंडस्लाइड रिस्क मिटीगेशन प्रोग्राम (एनएलआरएमपी) के तहत भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जोखिम कम करने के लिए प्रथम किश्त के रूप में एक करोड़ रुपये की स्वीकृति को भी मंजूरी दी है। यह राशि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में जोखिम को कम करने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए उपयोग में लाई जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में स्थित राजकीय औद्योगिक आस्थानों के मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्यों के लिए एमएसएमई अवस्थापना विकास मद के अंतर्गत 1.99 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इससे औद्योगिक ढांचे को बेहतर बनाने और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित राजकीय जनजाति छात्रावास में दो मरम्मत और निर्माण कार्यों के लिए 46.14 लाख रुपये तथा काशीपुर के राजकीय जनजाति छात्रावास में मरम्मत एवं निर्माण कार्यों के लिए 37.71 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
राज्य सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से न केवल आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा बल्कि आपदा प्रबंधन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।