रुड़की। पवित्र रमजान माह के दौरान Piran Kaliyar Sharif में स्थित हजरत शाह नन्हे मियां साबरी की खानकाह पर सामूहिक रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इस्लाम के चौथे खलीफा Hazrat Ali की यौमे शहादत के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजित किया गया, जिसमें धर्मगुरुओं, समाजसेवियों, राजनीतिक प्रतिनिधियों और सूफी संतों ने भाग लिया।
इफ्तार कार्यक्रम के संयोजक शाह खालिद मियां अंजार साबरी ने बताया कि हजरत साबिर पाक की दरगाह पर सभी धर्मों के लोग अपनी आस्था के साथ आते हैं और अपनी मुरादें मांगते हैं। उन्होंने कहा कि रमजान की 21वीं तारीख को Hazrat Ali की शहादत की याद में उनके बुजुर्गों की परंपरा के अनुसार हर साल इस सामूहिक इफ्तार का आयोजन किया जाता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, भाईचारा और सौहार्द का संदेश देना है।
इस अवसर पर Uttarakhand Urdu Academy के पूर्व अध्यक्ष और अंतर्राष्ट्रीय शायर Afzal Mangalori ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इफ्तार कार्यक्रम के माध्यम से देश में भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश फैलता है।
कार्यक्रम में खानकाहे फैजाने वाहिद के गद्दीनशीं पीर सैयद प्रोफेसर फरीद अहमद साबरी और मुफ्ती मौलाना इंतखाब अहमद साबरी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विश्व के कई हिस्सों में तनाव और संघर्ष का माहौल बना हुआ है। ऐसे में सभी लोगों को मिलकर शांति और मानवता के लिए दुआ करनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से विश्व शांति और निर्दोष लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान हरिद्वार जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राव आफाक खां ने भी लोगों से देश और प्रदेश की शांति, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ करने की अपील की।
इस सामूहिक इफ्तार कार्यक्रम में सोहेल मियां साबरी, शाहजहां मियां साबरी, बाबा अनवर खान, मुफ्ती इंतखाब आलम, नगर पंचायत अध्यक्ष सलीम अहमद, अनमोल साबरी, हकीम जमील, सरदार गुलमोर सिंह, सरदार हरपाल सिंह, गुड्डू साबरी, मौसम साबरी, मुनव्वर साबरी और मोहम्मद शादाब सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।