धामी सरकार का आखिरी बजट क्यों होगा उत्तराखंड के विकास का टर्निंग पॉइंट?

देहरादून।  उत्तराखंड के आगामी बजट सत्र को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** के नेतृत्व में पेश होने वाला बजट राज्य के विकास को नई गति देगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद **महेंद्र भट्ट** ने सभी विधायकों को बजट सत्र की शुभकामनाएं देते हुए इसे राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।

भट्ट ने कहा कि हाल ही में सामने आए आर्थिक सर्वेक्षण ने राज्य की आर्थिक स्थिति को उत्साहजनक बताया है। इससे स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि सरकार इस बार ऐसा बजट पेश करने जा रही है, जो राज्य को विकास के अगले स्तर तक ले जाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि बजट सत्र केवल वित्तीय प्रावधानों तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह जनसमस्याओं और जनभावनाओं को सामने लाने का भी महत्वपूर्ण मंच है।

उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकालीन राजधानी **गैरसैंण** में सोमवार से शुरू होने वाला बजट सत्र कई मायनों में खास है। वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल का यह अंतिम बजट होगा, इसलिए इसे ऐतिहासिक माना जा रहा है। भट्ट के अनुसार यह बजट उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार ने जनसहयोग से विकास की दिशा में कई अहम कदम उठाए हैं। इसी का परिणाम है कि उत्तराखंड अब तेजी से विकसित होते राज्यों की श्रेणी में शामिल हो रहा है। आर्थिक सर्वेक्षण के आंकड़े भी इस प्रगति की पुष्टि करते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रति व्यक्ति आय, सकल घरेलू उत्पाद, विकास दर, रोजगार सृजन और उद्योगों के अनुकूल माहौल जैसे कई महत्वपूर्ण मानकों में राज्य ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। साथ ही बिजली, पानी, सड़क, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में भी राज्य ने केंद्र सरकार के सहयोग से महत्वपूर्ण प्रगति की है।

भट्ट ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में आने वाला बजट राज्य के विकास को और अधिक गति देगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आगामी बजट इस यात्रा को ‘बुलेट’ की रफ्तार देने वाला साबित होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.