उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न योजनाओं के लिए कुल 171 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि का उपयोग प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण, विद्युत परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण, चंपावत में सिटी सेंटर निर्माण, अतिथि गृहों के पुनर्निर्माण तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने जैसे कार्यों में किया जाएगा।
राज्य योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने जनपद बागेश्वर के विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर में सातरतवे से सिगी नरगोल होते हुए गिरेछीना मिलान मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 3.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं चमोली जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में कालीमठ-कोटमा-जाल-चौमासी मोटर मार्ग के सुधार कार्य के लिए 3.75 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के रिखणीखाल विकासखंड में कोटडीसैण के समीप ग्राम पैयागढ़ी रजबौ मल्ला दियोड मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 4.27 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जनपद चंपावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग पर हॉटमिक्स कार्य के लिए 12.15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही रोडवेज स्टेशन चंपावत में आधुनिक स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कॉम्पलेक्स के रूप में सिटी सेंटर चंपावत के निर्माण के लिए 62.33 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 50.25 करोड़ रुपये के अनुदान को भी मंजूरी दी है। वहीं राज्य संपत्ति विभाग के अंतर्गत नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन के द्वितीय तल पर बने 12 कमरों के सिविल और विद्युत कार्यों के रेनोवेशन के लिए 1.60 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त देहरादून शहर में यातायात और ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए छह विभिन्न कार्यों हेतु 33.45 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर निवासी स्वर्गीय महावीर प्रसाद की पत्नी श्रीमती सुमन जैन को 27 जून 2025 से प्रतिमाह 20 हजार रुपये लोकतंत्र सेनानी सम्मान पेंशन प्रदान किए जाने की भी स्वीकृति दी है।