उत्तराखंड में आयुष्मान योजना का बड़ा असर, 17 लाख से अधिक मरीजों का मुफ्त इलाज

उत्तराखंड में आयुष्मान योजना के तहत लाखों लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। प्रदेश में अब तक 17 लाख से अधिक मरीज इस योजना के माध्यम से निशुल्क इलाज करा चुके हैं। इन मरीजों के उपचार पर राज्य सरकार द्वारा 3300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जा चुकी है।

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि राज्य सरकार आम नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर उपलब्धता और योजनाओं की व्यापक पहुंच के कारण प्रदेश के अधिक से अधिक लोग आयुष्मान योजना का लाभ उठा रहे हैं।

मंत्री ने बताया कि आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के अंतर्गत भी वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इस योजना के तहत प्रदेश में अब तक 25 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 11 हजार से अधिक बुजुर्गों ने मुफ्त उपचार का लाभ प्राप्त किया है।

जिलावार आंकड़ों की जानकारी देते हुए डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि अल्मोड़ा जिले में 57,862 लाभार्थियों ने योजना के तहत उपचार कराया है। इसी प्रकार बागेश्वर में 25,133, चमोली में 66,005, चंपावत में 33,274, देहरादून में 4,18,295, हरिद्वार में 3,21,509 और नैनीताल में 1,59,242 लोगों ने मुफ्त इलाज का लाभ उठाया।

इसके अलावा पौड़ी में 1,30,701, पिथौरागढ़ में 58,786, रुद्रप्रयाग में 39,989, टिहरी में 99,191, ऊधम सिंह नगर में 2,81,995 और उत्तरकाशी में 55,882 लाभार्थियों को योजना के तहत निशुल्क उपचार मिला है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचे, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक कारणों से इलाज से वंचित न रह जाए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.