हरिद्वार में अमित शाह की बड़ी जनसभा, धामी सरकार के 4 साल के विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी देखेंगे

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 7 मार्च को हरिद्वार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां वे विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीते चार वर्षों में उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगे। इस प्रदर्शनी में राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रमुख कार्यों और महत्वपूर्ण निर्णयों को प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रदर्शनी में बुनियादी ढांचे के विकास, सड़क और संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा क्षेत्र में सुधार, निवेश को बढ़ावा देने, पर्यटन विकास और धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण जैसे विषयों को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा। इसके साथ ही सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए किए गए प्रयासों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है।

इसके माध्यम से राज्य में सुशासन, पारदर्शिता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को भी सामने रखा जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा तैयार किए गए मॉडल, चित्र, जानकारीपूर्ण पैनल और दृश्य प्रस्तुतियों के जरिए आम लोगों को उत्तराखंड की विकास यात्रा से अवगत कराया जाएगा।

इसके अलावा बैरागी कैंप में 7 से 9 मार्च 2026 तक “न्याय संहिता” विषय पर राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य भारत सरकार द्वारा लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम — के बारे में जनजागरूकता बढ़ाना है।

यह आयोजन आम जनता को नए कानूनों की जानकारी देने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.