उत्तरकाशी आपदा पर धामी से मिली विनिता रावत, राहत–पुनर्वास को लेकर रखी बड़ी मांग

देहरादून। उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ और गाड़-गदेरों तथा नदियों के उफान से हुए व्यापक नुकसान को लेकर **विनिता रावत** ने मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने हर्षिल, झाला, चढ़ेती, भटवाड़ी सहित आसपास के अनेक क्षेत्रों में प्रभावित परिवारों की पीड़ा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

विनिता रावत ने कहा कि अचानक आई प्राकृतिक आपदा से कई परिवारों के घर, कृषि भूमि और आजीविका प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी से प्रभावित हर परिवार की चिंता आज पूरे प्रदेश के जनमानस के मन में है और पीड़ितों को त्वरित राहत एवं स्थायी पुनर्वास की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे विश्वास के साथ कहा कि उत्तरकाशी जनपद में आपदा से प्रभावित **एक-एक व्यक्ति** की सुरक्षा, राहत और पुनर्वास के लिए राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ दिन-रात कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और भविष्य में आपदा प्रबंधन को और मजबूत किया जाएगा।

भेंट के दौरान **चारधाम यात्रा** से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर भी चर्चा हुई। विनिता रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री **नरेंद्र मोदी** का ड्रीम प्रोजेक्ट चारधाम यात्रा के अंतर्गत **उत्तरकाशी से गंगोत्री तक ऑल वेदर रोड** को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाना आवश्यक है। इस संबंध में मुख्यमंत्री के माध्यम से देश के परिवहन मंत्री **नितिन गडकरी** को ज्ञापन सौंपते हुए मार्ग को जल्द पूरा करने का आग्रह किया गया।

उन्होंने कहा कि इस मार्ग के पूर्ण होने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु माँ पतित पावनी गंगा मैया के धाम **गंगोत्री** तक सुरक्षित, सुगम और हर मौसम में यात्रा कर सकेंगे। साथ ही, ऑल वेदर रोड के निर्माण से स्थानीय लोगों को स्थायी रोजगार, व्यापार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे, जिससे उत्तरकाशी जनपद आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.